राज्यों के परिवहन मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए मंत्री केदार कश्यप, कहा – आधुनिक और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था के लिए छत्तीसगढ़ प्रतिबद्ध

सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के सख्त पालन से ही घटेंगी दुर्घटनाएं, नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता – केदार कश्यप
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को मंत्री केदार कश्यप ने छत्तीसगढ़ के विभागीय कार्यों व उपलब्धियों की दी जानकारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के परिवहन मंत्री केदार कश्यप आज नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में आयोजित सभी राज्यों के परिवहन मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकांश मौतें सुरक्षा उपायों का पालन न करने के कारण होती हैं। उन्होंने सभी राज्यों को निर्देश दिए कि वाहन चालकों व सहयात्रियों द्वारा सीट बेल्ट, तथा दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट के अनिवार्य उपयोग को सख्ती से लागू किया जाए।
छत्तीसगढ़ की योजनाओं और उपलब्धियों की दी जानकारी
बैठक के दौरान परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप ने छत्तीसगढ़ में संचालित परिवहन संबंधी योजनाओं, परियोजनाओं एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी को दी। इस अवसर पर परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश भी उपस्थित रहे।
ओवरलोडिंग के विरुद्ध कठोर कार्रवाई को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का अहम उपाय बताया गया। बैठक में ओवरलोड वाहनों पर नियमित जांच, तकनीकी निगरानी, प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही तथा कड़े दंडात्मक प्रावधान लागू करने पर सहमति बनी।
सड़क सुरक्षा पर जन-जागरूकता अभियानों पर चर्चा
बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान, सड़क सुरक्षा मित्रों की भागीदारी तथा स्कूल-कॉलेज स्तर पर यातायात नियमों के प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों के कैशलेस उपचार, हिट एंड रन मामलों में मुआवजा व्यवस्था, वाहन सुरक्षा के नए प्रावधान एवं मोटर व्हीकल अधिनियम में प्रस्तावित संशोधनों पर विचार-विमर्श हुआ।
आरडीटीसी और डीटीसी भवन समय पर पूर्ण करने का लक्ष्य
परिवहन मंत्री श्री कश्यप ने बताया कि केंद्र सरकार की मंशा के अनुरूप राज्य में स्वीकृत सभी क्षेत्रीय चालक प्रशिक्षण केंद्र (RDTC) एवं जिला परिवहन केंद्र (DTC) भवनों का निर्माण तय समय-सीमा में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटरों से तकनीकी जांच में सुधार
श्री कश्यप ने जानकारी दी कि राज्य में वर्तमान में 8 ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर (रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर, कोरबा, राजनांदगांव एवं रायगढ़) संचालित हैं। मशीनों से की जा रही फिटनेस जांच पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से सटीक है। इन केंद्रों के संचालन में गुजरात के बाद छत्तीसगढ़ का दूसरा स्थान है।
उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, महासमुंद, कांकेर, दंतेवाड़ा, सारंगढ़ और सूरजपुर में भी नए ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों का कैशलेस उपचार
परिवहन मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की पहल पर सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। बैठक में हिट एंड रन मामलों में मुआवजा, सड़क सुरक्षा अभियान, सड़क सुरक्षा मित्र और ‘शून्य प्राणहानि जिला’ योजना के अंतर्गत रायपुर के चयन जैसे विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
वाहन सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन पर विशेष जोर
बैठक में मोटर व्हीकल अधिनियम के नए प्रस्तावित संशोधनों पर भी विचार किया गया। केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवरलोडिंग रोकने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में प्रस्तुत योजनाओं एवं प्रस्तावों से यह स्पष्ट है कि केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें




