छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कनारायणपुर

आस्था, सुरक्षा और विकास का संगम : माता मावली मेला नारायणपुर से विकास का संदेश, मंत्री केदार कश्यप ने दी 177 करोड़ की सौगात

माता मावली की नगरी से विकास का शंखनाद, वनमंत्री केदार कश्यप ने दी बड़ी सौगात

नारायणपुर के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध – मंत्री केदार कश्यप

नक्सल उन्मूलन अभियान को मजबूती, डीआरजी जवानों को मिले 200 मोटरसाइकिल

जगदलपुर। वनमंत्री केदार कश्यप गुरूवार को नारायणपुर प्रवास के दौरान माता मावली मेले में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं, नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में नारायणपुर जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार बस्तर एवं नारायणपुर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

मंत्री श्री कश्यप ने अपने उद्बोधन में बताया कि आज नारायणपुर जिले में कुल 177 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों से सड़क, भवन, आधारभूत संरचना सहित कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने लगभग 60 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंचेगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम के पश्चात मंत्री श्री कश्यप ने नारायणपुर पुलिस लाइन पहुंचकर डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवानों को नक्सल उन्मूलन अभियान के लिए लगभग 200 मोटरसाइकिलें प्रदान कीं। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया तथा जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा बलों को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित कर नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जवानों की तत्परता और साहस से क्षेत्र में शांति एवं विकास का वातावरण और सुदृढ़ होगा।

माता मावली में पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना

वनमंत्री केदार कश्यप ने माता मावली मंदिर में विधिवत दर्शन कर प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं धार्मिक आस्था के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ज्योति कलश भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये की घोषणा की।

मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा ऐसे प्रयासों से हमारी परंपरा, आस्था और सांस्कृतिक विरासत सुदृढ़ होती है।

इसके साथ ही मंत्री केदार कश्यप ने पार्षद कप क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में भी सहभागिता की। उन्होंने मैदान में पहुंचकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि नारायणपुर और बस्तर अंचल में विकास, सुरक्षा, संस्कृति और खेल—सभी क्षेत्रों में संतुलित प्रगति सुनिश्चित की जा रही है। आने वाले समय में जिले को और भी कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी।

📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!

ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉

📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें

दिनेश के.जी. (संपादक)

सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
Back to top button
error: Content is protected !!