डाक विभाग की बड़ी पहल : बस्तर संभाग में दो दिवसीय विशेष आधार नामांकन शिविर की आज से हुई शुरुआत

बच्चों के नए आधार और पुराने आधार में सुधार की मिलेगी निःशुल्क सुविधा
जगदलपुर। आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों को आधार सुविधा से जोड़ने के उद्देश्य से बस्तर संभाग में 23 एवं 24 मई 2026 को विशेष आधार नामांकन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक विभिन्न डाकघरों एवं ग्राम पंचायतों में आयोजित होंगे, जहां आधार नामांकन एवं आधार अपडेट की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध रहेगी।
अधीक्षक डाकघर से मिली जानकारी के अनुसार इस विशेष अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का आधार पंजीयन कराना तथा पूर्व में बने आधार कार्ड में आवश्यक सुधार कर नागरिकों को सरकारी सेवाओं से जोड़ना है।
शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत आड़वाल (जगदलपुर), सामुदायिक भवन शांति नगर वार्ड कांकेर, ग्राम पंचायत नारायणपाल (लोहाण्डीगुड़ा), ग्राम पंचायत माटेगहन (चारामा), ग्राम पंचायत माटोली (पखांजूर), ग्राम पंचायत इटपाल, उपडाकघर फरसगांव, सुकमा, भानपुरी, कोण्डागांव, कोरर, बीजापुर, किरन्दुल, बचेली एवं गीदम में किया जाएगा।
अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र के साथ स्वयं का आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर शिविर में पहुंचे, ताकि नामांकन एवं अपडेट की प्रक्रिया आसानी से पूरी की जा सके।
डाक विभाग की यह पहल नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं तक सरल और सुगम पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





