ब्लैक फिल्म और ओवर स्पीड वाहनों पर यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई, 20 चालकों पर जुर्माना
सड़क सुरक्षा से समझौता नहीं : ब्लैक फिल्म हटवाई, तेज रफ्तार वाहनों पर चला यातायात पुलिस का अभियान

नियमों का पालन करें, सुरक्षित यातायात में सभी की भागीदारी जरूरी – डीएसपी संतोष जैन
जगदलपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यातायात पुलिस ने शहर में सघन जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान वाहनों में लगी अवैध ब्लैक फिल्म हटवाई गई तथा मोटर यान अधिनियम के तहत संबंधित वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस की टीम ने चेकिंग के दौरान कई चारपहिया वाहनों के शीशों पर लगी ब्लैक फिल्म को मौके पर ही निकलवाया और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के संबंध में समझाइश दी। अधिकारियों ने बताया कि ब्लैक फिल्म लगे वाहन सुरक्षा की दृष्टि से जोखिमपूर्ण होते हैं तथा यह मोटर यान अधिनियम का उल्लंघन भी है।

इसके अलावा अभियान के दौरान ओवर स्पीड में वाहन चलाने वाले चालकों पर भी कार्रवाई की गई। जांच में मोटरसाइकिल एवं अन्य चारपहिया वाहन निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में चलते पाए गए, जिनमें से 20 वाहनों पर मोटर यान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात डीएसपी संतोष जैन ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, वाहनों में अवैध ब्लैक फिल्म का उपयोग न करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





