छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

बस्तर पुलिस का राष्ट्रीय गौरव : बोधघाट थाना बना छत्तीसगढ़ का नंबर-1 पुलिस थाना

पहली बार बस्तर के किसी थाने को मिला राष्ट्रीय सम्मान, उत्कृष्ट पुलिसिंग का देशभर में हुआ सम्मान

जगदलपुर। बस्तर पुलिस के लिए गर्व का ऐतिहासिक क्षण सामने आया है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने वर्ष 2025 की वार्षिक पुलिस थाना रैंकिंग में बोधघाट थाना को छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना घोषित किया है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि पहली बार बस्तर के किसी पुलिस थाने को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान मिला है।

गृह मंत्रालय द्वारा देशभर के पुलिस थानों का मूल्यांकन अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की गुणवत्ता, सामुदायिक पुलिसिंग, जनसहभागिता, नागरिक-अनुकूल सेवाएं, नवाचार, अधोसंरचना और समग्र कार्य निष्पादन जैसे मानकों पर किया जाता है। इन सभी मापदंडों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बोधघाट थाना ने यह गौरव हासिल किया।

सम्मान स्वरूप केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah के नाम से जारी प्रशस्ति-पत्र बस्तर के तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज एवं वर्तमान पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीना ने तत्कालीन थाना प्रभारी लीलाधर राठौड़ तथा वर्तमान थाना प्रभारी तामेश्वर चौहान को पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग की उपस्थिति में प्रदान किया।

बस्तर पुलिस ने इस उपलब्धि का श्रेय थाना के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की समर्पित कार्यशैली, जनविश्वास आधारित पुलिसिंग और उत्कृष्ट टीमवर्क को दिया है। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बोधघाट थाना ने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया। यह सम्मान पूरे छत्तीसगढ़ और बस्तर के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।

📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!

ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉

📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें

दिनेश के.जी. (संपादक)

सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
Back to top button
error: Content is protected !!