छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से हितग्राहियों को शौचालय निर्माण की मिली त्वरित स्वीकृति

समयबद्ध कार्रवाई से ग्रामीणों की समस्या का हुआ समाधान

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत पात्र परिवारों को मिलेगा व्यक्तिगत घरेलू शौचालय का लाभ

रायपुर। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है। जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध हो रहा है।

ग्रामीणों की शिकायत पर तत्काल हुई कार्रवाई

        इसी क्रम में बालोद जिले में विकासखंड गुंडरदेही के ग्राम कोटागांव, माहुद, कोडे़वा, चीचा एवं तिलोदा के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से व्यक्तिगत घरेलू शौचालय निर्माण की मांग दर्ज कराई थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद जनपद पंचायत के अधिकारियों ने प्रकरण का परीक्षण करते हुए हितग्राहियों की पात्रता का सत्यापन किया।

जांच में पात्र पाए जाने पर मिली स्वीकृति

         स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक जांच पूरी किए जाने के बाद पात्र हितग्राहियों को कलेक्टर के अनुमोदन उपरांत व्यक्तिगत घरेलू शौचालय निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी गई। संबंधित जनपद पंचायत को नियमानुसार सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण कर निर्धारित समय-सीमा में शौचालय निर्माण सुनिश्चित करने तथा भारत सरकार के पोर्टल पर इसकी प्रविष्टि करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन बना जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच

          जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शासन और आम नागरिकों के बीच प्रभावी संवाद का सशक्त माध्यम है। प्राप्त शिकायतों एवं मांगों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे।

स्वच्छ भारत मिशन से बढ़ रही गरिमा और स्वच्छता

        उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक शौचालय सुविधा उपलब्ध कराना है। इससे खुले में शौच की प्रवृत्ति समाप्त करने, स्वच्छ वातावरण विकसित करने तथा जनस्वास्थ्य में सुधार लाने में महत्वपूर्ण सहायता मिल रही है।

नागरिकों से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का लाभ लेने की अपील

       जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि यदि वे शासन की किसी योजना के पात्र हैं अथवा किसी समस्या के समाधान की आवश्यकता है, तो संबंधित विभाग से संपर्क करें या मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कराएं। सभी पात्र प्रकरणों का नियमानुसार एवं निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!

ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉

📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें

दिनेश के.जी. (संपादक)

सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
Back to top button
error: Content is protected !!