

Ro. No.: 13171/10
सीजीटाइम्स। 11 जून 2019
जगदलपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एनएमडीसी के निक्षेप क्रमांक-13 खदान के संबंध में स्थानीय निवासियों की शिकायतों को गंभीरता से लिया है। इस संबंध में राज्य शासन द्वारा ये अहम फैसले लिए गए हैं, जिसमें दंतेवाड़ा कलेक्टर को वर्ष 2014 की ग्राम सभा के संबंध में की गई शिकायत की जांच के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही कलेक्टर को वर्तमान में परियोजना से संबंधित कार्यों पर तत्काल रोक लगाने के लिए कहा गया है।
एक अन्य आदेश में निक्षेप क्रमांक-13 में पेड़ों की कटाई की जांच के लिए अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक भू-प्रबंध/वन संरक्षण अधिनियम की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया है। इसमें जगदलपुर वृत्त के मुख्य वन संरक्षक एवं दंतेवाड़ा वन मंडल के वन मंडलाधिकारी को सदस्य बनाया गया है। समिति उपरोक्त क्षेत्र का निरीक्षण कर जांच प्रतिवेदन प्रधान मुख्य वन संरक्षक को को प्रस्तुत करेगी। साथ ही समिति यह भी सुनिश्चित करेगी कि उपरोक्त क्षेत्र में पेड़ों की कटाई न हो। उपरोक्त दोनों आदेश आज जारी किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि दंतेवाड़ा जिले के हिरोली में एनएमडीसी बैलाडीला लौह अयस्क खान परियोजना दंतेवाड़ा के डिपाजिट 13 के संबंध में आज मंत्रालय में बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री दीपक बैज और पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री अरविंद नेताम के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान बस्तर के अन्य विधायक भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधि मंडल की बातों को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना और कहा कि इस मामले में राज्य शासन की जो भूमिका है, उसे निभाया जाएगा। इसी परिप्रेक्ष्य में आज ये आदेश जारी किए गए हैं।