6 जुलाई से शुरू होगा सदस्यता अभियान, 20 फीसदी नये कार्यकर्ता बनायेगी भाजपा

Ro. No. :- 13220/18

सीजीटाइम्स। 30 जून 2019

जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी अपने संगठन को और मजबूती देने के लिए पूरी ताकत से जुट गयी है। आगामी 6 जुलाई से आरंभ होने वाली सदस्यता अभियान में प्रत्येक बूथ में 20 प्रतिशत नये सदस्य बनाने का लक्ष्य कार्यकर्ताओं को दिया गया है। भाजपा के सदस्यता अभियान को लेकर आज पार्टी के जिला कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गयी। जिसमें सदस्यता अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी व जवाबदारी वहां मौजूद कार्यकर्ताओं को दी गयी।

बैठक लेने राजधानी से आये पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ग्यारह करोड़ सदस्यों वाली विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी छत्तीसगढ़ में भाजपा के 37 लाख सदस्य है। पं. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की जन्मतिथि 6 जुलाई से शुरू होने वाला सदस्यता अभियान 11 अगस्त को पूर्ण होगा जिसे संगठन पर्व के रूप में मनाया जायेगा। प्रत्येक बूथ में 20 प्रतिशत नये प्राथमिक सदस्य जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। प्रत्येक बूथ में सदस्यता अभियान चलाया जायेगा। वार्डों में, गांव के चौपाल में शिविर लगाकर नये सदस्यों को बनाने के अभियान को गति दी जायेगी। श्री मूणत ने कार्यकर्ताओं ने सदस्यता अभियान में पूरी ताकत झोंकने आहवान किया।

प्रदेश मंत्री व प्रदेश सदस्यता सहप्रभारी किरण देव ने कहा कि जिले के सभी 11 मण्डलों में सदस्यता अभियान के लिए प्रभारी व सह प्रभारी की नियुक्ति की गयी है। 5 जुलाई तक मण्डल स्तर पर इस बाबत् वृहद बैठक की जायेगी। सदस्यता अभियान के बड़े लक्ष्य को पूरा करने सभी कार्यकर्ता अपनी पूरी शक्ति लगायेंगे। श्री देव ने कहा प्रत्येक मण्डल में 7 दिनों के लिए एक विस्तारक की नियुक्ति भी की जायेगी। भाजपा सक्रिय सदस्यता अभियान भी 12 अगस्त से आरंभ होगा और 31 अगस्त तक संपन्न होगा।

अपने अध्यक्षीय उदबोधन में भाजपा के जिलाध्यक्ष बैदुराम कश्यप ने कार्यकर्ताओं से सदस्यता अभियान में पूरी सक्रियता से जुड़ने व इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने आहवान किया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री रूपसिंह मण्डावी ने किया। महत्वपूर्ण बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, पूर्व मंत्री केदार कश्यप, संतोष बाफना, श्रीनिवास राव मद्दी, कमलचंद्र भंजदेव, लच्छुराम कश्यप, शेषनारायण तिवारी, विद्याशरण तिवारी, श्रीधर ओझा, योगेन्द्र पाण्डेय, रामाश्रय सिंह, राजेन्द्र बाजपेयी, उत्तमलाल वर्मा, फिरोज बस्तरिया, रजनीश पानीग्राही, आर्येन्द्र सिंह आर्य, सुधीर शर्मा, मनीष पारख, शैलेन्द्र भदौरिया, संजय विश्वकर्मा, नरसिंह राव, एल.ईश्वर राव, संग्राम सिंह राणा, लक्ष्मी कश्यप, रोशन सिसोदिया, मालती आचार्य, गोदावरी साहू, आशुतोष पाल, पंकज आचार्य समेत 11 मण्डलों के अध्यक्ष/महामंत्री आदि उपस्थित थे।

दिनेश के.जी. (संपादक)

सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
Back to top button
error: Content is protected !!