
अब जगदलपुर बोलेगा – “मेरा शहर, सबसे स्वच्छ”
जगदलपुर। स्वच्छता रैंकिंग में जगदलपुर को देश में नंबर वन बनाने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। महापौर संजय पाण्डे की अगुवाई में आज टाउन हॉल में स्वच्छता को लेकर एक विशेष बैठक आयोजित की गई। जिसमें पार्षद, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर, निगम अधिकारी-कर्मचारी और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में महापौर संजय पाण्डे ने बताया कि हाल ही में इंदौर में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला से उन्हें और उनकी टीम को देश की सबसे स्वच्छ शहर बनने के गुर सीखने को मिले। उन्होंने कहा कि जगदलपुर अब इंदौर की तर्ज पर सफाई व्यवस्था को अपनाकर पूरे देश में नई पहचान बनाएगा।
महापौर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि हर घर में सूखा और गीला कचरा अलग-अलग करके दिया जाए और स्वच्छता दीदियों को पूरा सहयोग मिले। जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने वार्ड में सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है।

बैठक में तय किया गया कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को और बेहतर किया जाएगा। सेग्रीगेशन पर विशेष जोर रहेगा और शहर को साफ-सुथरा एवं सुंदर बनाने के लिए सभी हितधारकों को मिलकर काम करना होगा।
महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि सिर्फ निगम नहीं, पूरा शहर जब एकजुट होगा, तभी हम स्वच्छता में नंबर वन बन पाएंगे।

इस अहम बैठक में निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा सहित सभी पार्षदगण और सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही लोगों से सुझाव भी लिए गए कि शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर कैसे बनाया जाए।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





