
डस्टबिन से देशभक्ति तक, जगदलपुर में गूंजा स्वच्छता का जनघोष
शहर स्वच्छता की रैली में महापौर संजय पाण्डे की भावुक अपील
जगदलपुर। स्वच्छता को संस्कार बनाकर सुंदर और नंबर वन शहर बनाने का सपना अब हकीकत की ओर बढ़ चला है। सोमवार से शुरू हुए जागरूकता अभियान ने मंगलवार को एक नया रंग लिया जब महापौर संजय पाण्डे के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने गोल बाजार चौक से सार्वजनिक रैली की शक्ल में निकलकर शहरवासियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
हाथों में बैनर, माइक से गूंजती अपीलें और सिर पर स्वच्छता का संकल्प लिए निगम अधिकारी, पार्षद, गणमान्य नागरिक और युवा शाम 5 बजे रैली के रूप में निकले। रैली ने हर दुकान और प्रतिष्ठान पर रुककर व्यापारियों से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने की भावनात्मक अपील की।
“आपका छोटा सा सहयोग शहर को स्वर्ग बना सकता है”, महापौर संजय पाण्डे ने हर दुकानदार से हाथ जोड़कर निवेदन किया। उन्होंने कहा कि इंदौर की तर्ज पर जगदलपुर को स्वच्छता में अव्वल लाना है और यह तभी संभव है जब हर नागरिक जिम्मेदारी निभाए।
महापौर ने दुकानदारों को डस्टबिन रखने व कचरा नगर निगम की गाड़ी में ही डालने का अनुरोध किया। यदि कचरा वाहन नियमित नहीं आता है तो टोल फ्री नंबर 1100 या वार्ड पार्षद से संपर्क करने की सलाह दी गई।
स्वच्छता सभापति लक्ष्मण झा ने बताया कि गीला-सूखा कचरा अलग करना न केवल पुनर्चक्रण को आसान बनाता है बल्कि पर्यावरण-संरक्षण में भी योगदान देता है।
इस जागरूकता रैली में नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, सभापति लक्ष्मण झा, आयुक्त प्रवीण वर्मा, उमा मिश्रा, गायत्री बघेल, नेहा ध्रुव, श्वेता बघेल, पूनम सिन्हा, विवेक जैन, वैभव जैन, रूपेश जैन, विकास चौधरी, सौरभ जैन, धीरज कश्यप, राजीव निगम, योगेश पांडे, श्रीश मिश्रा, अनिमेष चौहान सहित बड़ी संख्या में जागरूक नागरिक शामिल हुए।
स्वच्छता अब एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि जन-आंदोलन बनता जा रहा है। जगदलपुर का हर नागरिक यदि कदम से कदम मिलाकर चले, तो वह दिन दूर नहीं जब हमारा शहर स्वच्छता की राष्ट्रीय सूची में शीर्ष स्थान पर होगा।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें




