कांगेर घाटी में तीर से घायल चीतल की मौत, शिकारियों की तलाश में वन विभाग सक्रिय, सुराग देने पर 10,000 रू. का इनाम

वन्यजीव सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा – वन मंत्री केदार कश्यप
जगदलपुर। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के अंतर्गत आने वाले नेशनल हाईवे 30 पर दरमा रोड के मध्य पेदावाड़ा बैरियर के पास बोट कक्ष क्रमांक 165 में एक चीतल का शव मृत अवस्था में मिला है। हैरान करने वाली बात यह रही कि चीतल के शरीर में तीर धंसा हुआ पाया गया, जिससे साफ है कि यह वन्य प्राणी शिकारी का शिकार बना है।

वन विभाग की सहायक परिक्षेत्र अधिकारी और बोट गार्ड्स की सामूहिक गश्ती के दौरान इस घटना का खुलासा हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारियों द्वारा त्वरित संज्ञान लिया गया और मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी एवं तकनीकी कार्रवाई की गई। इस संबंध में पीओआर क्रमांक 15378/03 दर्ज करते हुए तत्काल विशेष जांच दल का गठन भी कर दिया गया है।
वन विभाग ने घटनास्थल के आसपास सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है तथा अज्ञात शिकारियों की तलाश की जा रही है। विभाग ने ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से संबंधित कोई जानकारी है, तो तुरंत विभाग को सूचित करें। जानकारी देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी और सटीक जानकारी देने वाले को 10,000 रूपये का नकद इनाम दिया जाएगा।
इस पूरे घटनाक्रम पर छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कांगेर घाटी की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया एवं कहा कि वन्यजीव सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। वन मंत्री केदार कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जांच तेज गति से हो तथा दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें






