
नारायणपुर। सुशासन और समर्पण की मिसाल पेश करते हुए वनमंत्री श्री केदार कश्यप ने आज नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में ₹48 लाख से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। ये कार्य ग्रामीण अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम माने जा रहे हैं।
भूमिपूजन कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत मचिया में ₹30 लाख की लागत से ‘महतारी सदन’, ग्राम बड़े अलनार में ₹6.10 लाख से पुलिया निर्माण तथा ग्राम छोटे अलनार में ₹12.40 लाख की लागत से उचित मूल्य दुकान भवन का निर्माण किया जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए वनमंत्री श्री कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ हर गांव और हर वर्ग तक पहुँचे। आज मातृशक्ति को जो सम्मान और भूमिका मिली है, वह हमारी सरकार की संवेदनशील सोच का परिचायक है। मचिया में बनने वाला महतारी सदन महिलाओं की आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता का प्रतीक बनेगा।
उन्होंने कहा कि सुशासन की सरकार में विकास अब शहरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गांव-गांव नई पहचान और नई दिशा बनेगी। राज्य सरकार ग्रामीण अंचलों में सड़क, पुल, जल, शिक्षा और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर प्राथमिकता से कार्य कर रही है।

श्री कश्यप ने यह भी कहा कि महतारी सदन केवल एक भवन नहीं, बल्कि यह महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और नेतृत्व सशक्तिकरण का केंद्र बनेगा।
यहाँ महिलाओं के स्व-सहायता समूहों को प्रशिक्षण, उद्यमिता संवर्धन और सामाजिक जागरूकता के कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा।
वनमंत्री ने ग्रामीणों से अपील की कि वे इन विकास कार्यों की निगरानी में सक्रिय भूमिका निभाएँ, ताकि योजनाएँ समयबद्ध रूप से पूर्ण हों और विकास का लाभ हर परिवार तक पहुँचे।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें




