छत्तीसगढ़ जनसंपर्कजगदलपुर

बकावंड में ‘धान माफिया’ पर प्रशासन का प्रहार, 22 क्विंटल अवैध धान समेत पिकअप जब्त

जगदलपुर। अवैध धान परिवहन और बिचौलियों पर प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। बकावंड अनुविभागीय दंडाधिकारी मनीष वर्मा के नेतृत्व में प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गोपनीय सूचना पर त्वरित एक्शन लेते हुए अधिकारियों ने 22 क्विंटल धान का अवैध परिवहन करते हुए एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

प्रशासन को गोपनीय सूत्रों से खबर मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से धान खपाने के लिए परिवहन किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम मनीष वर्मा ने तत्काल टीम गठित कर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। चेकिंग के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक सी जी 18 के 6586 को रोका गया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 22 क्विंटल धान लदा हुआ पाया गया। जब वाहन चालक प्रेम सिंह पटेल (27 वर्ष) से धान के परिवहन संबंधी दस्तावेज, मंडी अनुज्ञा या अन्य कोई वैध अनुमति पत्र मांगा गया, तो वह कुछ भी प्रस्तुत करने में असमर्थ रहा। संतोषजनक जवाब और दस्तावेजों के अभाव में प्रशासन ने इसे अवैध परिवहन मानते हुए धान और वाहन को मौके पर ही जब्त कर लिया।

जब्त किए गए वाहन और 22 क्विंटल धान को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए बकावंड थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में मंडी अधिनियम और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

एसडीएम मनीष वर्मा ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि शासन की मंशा के अनुरूप क्षेत्र में अवैध धान खरीदी, भंडारण और परिवहन पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा, “किसी भी सूरत में अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”

प्रशासन की इस सक्रियता की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि ऐसी कार्रवाइयों से बिचौलियों के हौसले पस्त होंगे और वास्तविक किसानों को उनका हक मिल सकेगा। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि अवैध भंडारण या परिवहन की सूचना मिलते ही पुलिस या प्रशासन को सूचित करें।

📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!

ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉

📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें

दिनेश के.जी. (संपादक)

सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
Back to top button
error: Content is protected !!