छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कजगदलपुर

सहकारिता सप्ताह : निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में जगाई सहयोग और सामूहिक विकास की अलख

‘गाँव के विकास में सहकारिता’ विषय पर छात्रों ने रखे प्रभावशाली विचार, विजेताओं को किया गया सम्मानित

सहकारिता सप्ताह के तहत आयोजित प्रतियोगिता में ग्रामीण विकास और सामूहिक उत्तरदायित्व पर उभरे छात्रों के विचार

जगदलपुर। सहकारिता सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों में सहकारिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सहकारिता विभाग जिला कार्यालय, जगदलपुर एवं बस्तर जिला सहकारी संघ मर्यादित, जगदलपुर के संयुक्त तत्वावधान में जगतु माहरा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जगदलपुर में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “गाँव के विकास में सहकारिता की भूमिका” तथा “एक के लिए सब, एक सबके लिए” रखा गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में उप आयुक्त, सहकारिता डॉ. उषा ध्रुव की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों को सहकारिता के सिद्धांतों, उसके सामाजिक एवं आर्थिक महत्व तथा ग्रामीण विकास में उसकी प्रभावी भूमिका से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सहकारिता आपसी सहयोग, सहभागिता और सामूहिक विकास की भावना को सशक्त बनाती है तथा समाज को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर राज्य सहकारी संघ के विवेक पांडे ने विद्यार्थियों को विद्यार्थी सहकारी उपभोक्ता भंडार एवं कैंटीन स्थापित कर उससे लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से छात्र नेतृत्व, प्रबंधन क्षमता और आत्मनिर्भरता का विकास कर सकते हैं।

प्रतियोगिता के परिणामों में प्रथम स्थान सुरेश कुमार (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बास्तानार), द्वितीय स्थान कु. पूनम मौर्य (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चोकर) तथा तृतीय स्थान प्रदीप कुमार बंजारे (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चोकर) ने प्राप्त किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सहकारिता के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा सहयोग, एकता और सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों को सहकारिता के मूल्यों से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया गया।

इस अवसर पर जिला कार्यालय से ए.एस. तिग्गा, एस.एल. कुजुर, प्रमोद कुमार ध्रुव, बस्तर जिला सहकारी संघ के प्रबंधक सी.के. द्विवेदी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के एस.के. मथरानी एवं संजय पाण्डेय सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!

ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉

📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें

दिनेश के.जी. (संपादक)

सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
Back to top button
error: Content is protected !!