करपावण्ड, बकावण्ड व बस्तर में हुआ भाजपा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन, बस्तर विधानसभा में 250 ग्रामीणों ने किया भाजपा में प्रवेश

जगदलपुर। विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल प्रचार प्रसार और जनसंपर्क तेज कर रहे हैं। बस्तर विधानसभा सीट में परंपरागत रूप से भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। भाजपा ने बस्तर जिले की इस महत्वपूर्ण सीट पर नये प्रत्याशी मनीराम कश्यप पर दांव लगाया है। भाजपा द्वारा सबसे पहले घोषित की गयी 21 प्रत्याशियों की सूची में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप का नाम शामिल था।

बस्तर विधानसभा सीट के ग्रामीण मतदाता बेहद जागरूक माने जाते हैं। भाजपा ने यहाँ प्रचार की गति बढ़ाते हुये मंगलवार विजयी दशमी के दिन बस्तर, बकावण्ड व करपावण्ड में मण्डल स्तर पर तीन चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया। जहाँ 250 से अधिक ग्रामीणों ने भाजपा में प्रवेश किया। भाजपा जिला अध्यक्ष रुप सिंह मण्डावी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि जनता का विश्वास भाजपा के साथ है और यही भाजपा की विजय का मार्ग सुगम करेगा। कांग्रेस ने झूठे वादे व बेहिसाब भ्रष्टाचार करके प्रदेश की जनता को छलने का काम किया है। भाजपा के पन्द्रह साल के शासन में किये गये अनगिनत विकास के कार्यो को जनता याद कर रही है और कांग्रेस को प्रदेश से बेदखल करने का मन बना चुकी है। भाजपा के कार्यकर्ता उत्साह से चुनावी समर में उतर कर प्रत्येक मतदाता से संपर्क करे। भाजपा की सरकार छत्तीसगढ़ में बन रही है।

कार्यक्रम में भाजपा में प्रवेश करने वाले ग्रामीणों का संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, डा. सुभाऊ कश्यप,चुनाव संचालक शिवनारायण पाण्डेय, मनीराम कश्यप ने फूलमाला व भगवा गमछा पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर महामंत्री वेदप्रकाश पाण्डेय, मण्डल अध्यक्ष परिस बेसरा, उदबोराम नाग, धनुर्जय कश्यप, नारायण बिसाई, महेश कश्यप, वनवासी मौर्य, पुरषोत्तम जोशी, जोगेंद्र चंद्राकर, रोहित त्रिवेदी, सुनील सेठिया, दामु राम, तेजपाल शर्मा आदि सहित बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता व ग्रामीण शामिल थे।

Dinesh KG
सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
error: Content is protected !!