कांग्रेस की नाव में छेद हो गया है, जो कभी भी डूब सकती है – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के बड़े धाराऊर में मुख्यमंत्री साय ने जनता को किया संबोधित, भाजपा लोकसभा प्रत्याशी महेश कश्यप के लिये मांगा जनता जनार्दन का आशीर्वाद

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को लूटा, जनता ने ऊन्हें उखाड़ फेका – किरण देव

भाजपा सरकार ने 100 दिन में जनता से किये वादों को पूरा किया, मोदी की हर गारंटी हो रही पूरी – केदार कश्यप

जगदलपुर। बस्तर लोकसभा क्षेत्र के चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बड़े धाराउर स्थित इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में गुरुवार को भाजपा की विधानसभा स्तरीय सम्मेलन आयोजित हुई। जिसमें प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, मंत्री केदार कश्यप, ओपी चौधरी सहित अन्य नेताओं ने भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप के लिए जनता से समर्थन मांगा।

इस अवसर पर प्रदेश की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभा को संबोधित करते हुये कहा कि कांग्रेस की नाव में छेद हो चुका है और वह कभी भी डूब सकती है। बस्तर लोकसभा में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, फिर भी अभी तक कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी तक घोषित नहीं किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और बस्तर के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार बनाना जरूरी है। छत्तीसगढ़ में इंजन पक्का कर लिया है, लेकिन अब दिल्ली का इंजन को अधिक मजबूत करना है और इसके लिए समय भी आ गया है। जनता जनार्दन भाजपा को अपना आशीर्वाद दे।

उन्होंने भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी महेश कश्यप के लिए जनता से समर्थन मांगते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार सबका साथ सबका विश्वास सबका विकास के लक्ष्य के साथ काम कर रही है और पिछले 10 सालों में बहुत काम हुआ है। मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ की तत्कालीन भूपेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने केंद्र की योजनाओं को बंद किया था, जिसके कारण जनता को लाभ नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही 18 लाख आवास को स्वीकृति प्रदान की और अप्रैल महीने से आवास बनना शुरू हो जाएगा। भाजपा ने मोदी की गारंटी में जो वादा किया था, उनमें से अधिकतर वादों को पूरा किया गया है, इसमें प्रदेश की मातृशक्तियों के लिये महतारी वंदन योजना आरंभ हो गयी है। किसानों को 2 साल का बकाया बोनस, धान का समर्थन मूल्य 3100 रूपये, प्रति एकड़ 21 कुंटल धान खरीदी, तेंदूपत्ता की खरीदी 5500 रूपये मानक बोरा की दर से खरीदी की जाएगी। साथ ही 15 दिन तक खरीदी होगी और पूरे पत्ते की खरीदी की जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि बीते पांच साल में कांग्रेस की सरकार ने सिवाय छत्तीसगढ़ को लूटने के कुछ भी नहीं किया। जनता से सिर्फ झूठ बोला, एक भी वायदे को पूरा नहीं किया। जिसका परिणाम भी उनको भुगतना पडा़। जनता जनार्दन ने कांग्रेस के कुशासन को उखाड़ फेका।
किरण देव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में भाजपा की सरकार मोदी की गारंटी व जनता से किये सभी वायदों को तय समय पर पूरा कर रही है। छत्तीसगढ़ में भाजपा के शासन में सुशासन लौट आया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने बस्तर लोकसभा प्रत्याशी महेश कश्यप को विजयी बनाने जनता से आह्वान किया।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भाजपा की सरकार को आज सौ दिन पूरे हुये हैं। इन सौ दिन के कार्यकाल में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार ने दिन रात काम करते हुये गरीब, किसान, महिलाओं व युवाओं के हित में बड़े फैसले लिये हैं। गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास देने का काम तेजी से जारी है। प्रदेश की सत्तर लाख विवाहित महिलाओं के खाते में महतारी वंदन योजना के तहत 655 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किये गये हैं। मातृशक्तियों को प्रतिमाह एक हजार रूपये निरंतर मिलेंगे। भाजपा ने बनाया है, भाजपा ही संवारेगी,इस वाक्य को साकार करते हुये भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ के विकास व जनता की सेवा, उनके हितों के लिये मेहनत से बिना रूके कार्य कर रही है। केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर लोकसभा में भाजपा ने महेश कश्यप को प्रत्याशी बनाया है। बस्तर की जनता अपना आशीर्वाद देकर उन्हें विजयी बनायें। लोकसभा प्रत्याशी महेश कश्यप ने भी सभा को संबोधित कर समर्थन मांगा।

सभा को भाजपा जिला अध्यक्ष रुप सिंह मण्डावी ने भी संबोधित किया। संचालन रामाश्रय सिंह ने किया।
सम्मेलन में इस दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी,पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, विधायक विनायक गोयल, पूर्वमंत्री महेश गागड़ा, महेश जैन, श्रीनिवास राव मद्दी, कमलचंद भंजदेव, विद्याशरण तिवारी, संजय पाण्डेय, वेदप्रकाश पाण्डेय आदि उपस्थित थे।

Dinesh KG
सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
error: Content is protected !!