जब मुख्यमंत्री ने बस्तर लोकसभा प्रत्याशी के समर्थन में कहा – “महेश कश्यप मतलब विष्णुदेव साय”, कांग्रेस की जमानत जप्त करायेगी बस्तर की जनता
  • बस्तर और छत्तीसगढ़ का विकास भाजपा की सरकार ने किया है – विष्णुदेव साय
  • पांच साल कांग्रेस पार्टी की सरकार ने छत्तीसगढ़ को लूटा, बस्तर और सरगुजा का विकास रोकने का काम किया
  • बस्तर से कमल खिलाकर अबकी बार 400 पार के संकल्प के साथ भाजपा को जिताना है

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महेश कश्यप मतलब विष्णुदेव साय। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने आदिवासियों को सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। वोट बैंक के रूप में आदिवासियों के वोट लेते रहे, लेकिन आदिवासियों का विकास नहीं हुआ। श्री साय ने बुधवार को बस्तर की लोकसभा सीट के लिए आयोजित नामांकन दाखिला रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पांच साल कांग्रेस पार्टी की सरकार ने छत्तीसगढ़ को लूटा। बस्तर और सरगुजा का विकास रोकने का काम किया। अब एक बार फिर कांग्रेस को सबक सिखाने का मौका मिला है। बस्तर की जनता इस बार कांग्रेस की जमानत जप्त करायेगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बस्तर और सरगुजा हमारी सरकार के विशेष फोकस में रहेगा। जहां तक बस्तर क्षेत्र के विकास की बात है, यह भारतीय जनता पार्टी की देन है। हमारे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की देन है। पूरे बस्तर क्षेत्र का और छत्तीसगढ़ का विकास अगर किसी ने किया है तो भाजपा की सरकार ने किया है। श्री साय ने कांग्रेसी कुशासन की चर्चा करते हुए कहा कि पिछले 5 वर्षों में क्या हाल हुआ? पूरे बस्तर क्षेत्र ने विकास की गति पकड़ी थी, 15 वर्षों में डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में पूरे छत्तीसगढ़ का विकास हो रहा था, उसे रोकने का काम कांग्रेस की भूपेश सरकार ने किया। जो भी केंद्र से गरीबों के लिए योजनाएं थी सबको बंद करने का काम कांग्रेस की सरकार ने किया। गरीबों का हक छीना। 5 साल में ग्रामीण क्षेत्र में एक भी गरीब का प्रधानमंत्री आवास नहीं बना। इसलिए इस बार इस कांग्रेस को उखाड़ फेंकना है। विधानसभा के चुनाव में आप सब लोगों का आशीर्वाद मिला और भाजपा को ऐतिहासिक विजय मिली। यह आशीर्वाद अभी लोकसभा के चुनाव में भी देना है। डबल इंजन की सरकार रहेगी तो तेजी से विकास होगा। श्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए बस्तर लोकसभा को भी सहभागी होना पड़ेगा।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने 100 दिन में जनता से किये वादों को पूरा करने का काम किया है। मात्र 3 महीने में मोदी की गारंटी में जो हमारी पार्टी का जो वादा था छत्तीसगढ़ की जनता से, अधिकांश हम लोगों ने पूरा किया है। आज 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दिए हैं। 13 दिसंबर को हमारी सरकार ने शपथ ली और 14 दिसंबर को ही पहली कैबिनेट बुलाकर 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दे दिए हैं। अगले महीना से सभी के प्रधानमंत्री आवास बनना शुरू हो जायेंगे । हमारे किसानों को उम्मीद नहीं थी कि 2 साल का बकाया बोनस मिल जाएगा। हमारी सरकार आई तो 25 दिसंबर के दिन हमारे छत्तीसगढ़ के निर्माता सदैव अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती सुशासन दिवस को 12 लाख से ज्यादा किसानों का 2 साल का बकाया बोनस 3716 करोड़ रुपया देने का काम छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने किया। आज 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से बंपर धान की खरीदी हुई। 24.75 लाख से ज्यादा किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान की कीमत भी दी। महतारी वंदन योजना में 70 लाख से ज्यादा माता बहनों को 10 मार्च को प्रधानमंत्री श्री मोदी की उपस्थिति में 655 करोड़ रूपया उनके खाते में ट्रांसफर किया गया। प्रदेश के बेटे-बेटियों के साथ पीएससी में धोखाधड़ी हुई। उसकी सीबीआई जाँच का वादा भी हमने पूरा किया है। श्री साय ने कहा कि तेंदूपत्ता, जिसको हरा सोना बोलते हैं, के संग्रहण कार्य से लाखों परिवार लाभान्वित होते हैं। हमारी सरकार ने प्रति मानक बोरा 5500 रुपए की दर से तेंदूपत्ता खरीदने का निर्णय लिया है। चरण पादुका योजना, आदिवासी बच्चों को स्कॉलरशिप की पुरानी व्यवस्था फिर से हमारी सरकार चालू करने वाली है। जो भूमिहीन मजदूर हैं, किसान हैं, उनको 10 हजार रुपए साल में देने का काम। श्री साय ने कहा कि लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में ही 19 अप्रैल को बस्तर लोकसभा में मतदान होना है। इसमें आप सबको अपने वोट का इस्तेमाल करना है और बस्तर से भाजपा का कमल खिलाकर अबकी बार 400 पार के संकल्प के साथ भाजपा को जिताना है।

मोदी जी को चुनने महेश कश्यप को चुने – किरण सिंह देव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि जिस तरह विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मतदाताओं का आशीर्वाद मिला और छत्तीसगढ़ में भाजपा ने शानदार जीत दर्ज कर सरकार बनाई, उसी तरह लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों को जिताकर हमें संसद में भेजना है। ये चुनाव मोदी जी का है और हम सभी को मिलकर तीसरी बार मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाना है। क्योंकि ‘मोदी है तो मुमकिन है।’ केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाएं आज प्रधानमंत्री श्री मोदी की बदौलत छत्तीसगढ़ की जनता के पास पहुंच रही हैं। हमारा देश सर्वोच्च शिखर की ओर बढ़ रहा है।

जिनके ऊपर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं उनको कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी बनाया है – अरुण साव

सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि एक तरफ भाजपा ने गरीब के किसान के बेटे महेश कश्यप को अपना प्रत्याशी बनाया है, तो वहीं कांग्रेस पार्टी ने कवासी लखमा को अपना प्रत्याशी बनाया है जिन्होंने बस्तर की जनता का हक मारा है और जिनके ऊपर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे हैं। लोकसभा चुनाव में दादी यहां चुनाव लड़ने आ रहे हैं, और दादी को चुनाव में हराकर वापस कोंटा भेजना है।

500 साल की प्रतीक्षा के बाद भगवान श्रीरामचंद्र जी का भव्य मंदिर अयोध्या में बना है – विजय शर्मा

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में हमने चूक कर दी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के लिए एक कमल बस्तर से जाना चाहिए था, वह नहीं जा पाया था। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने छत्तीसगढ़ और विशेषकर बस्तर की चिंता की। मोदी सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि 2014 से पहले कानपुर, लखनऊ, दिल्ली, मुंबई, जयपुर में बम फूटा करते थे। देश में 2014 के बाद कोई बम नहीं फूटा है। आज पूरे भारत में आंतरिक सुरक्षा है। जम्मू-कश्मीर से 370 की धारा हटा दी गई है। ऐसे कई बड़े-बड़े काम हुए हैं। पूर्वोत्तर राज्यों में शांति आई है। अयोध्या में 500 साल की प्रतीक्षा के बाद भारतीय जनचेतना के प्रतीक भगवान श्रीरामचंद्र जी का भव्य मंदिर बना है। आज उनके दर्शन के लिए दुनियाभर से लोग आ रहे हैं।

जनता का आशीर्वाद भाजपा के साथ – केदार कश्यप

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जनता का आशीर्वाद भाजपा के साथ है। कांग्रेस को अपने पांच साल के कुशासन व जनता से किये झूठे वादे का परिणाम भुगतना पड़ेगा, जनता जनार्दन मौजूदा लोकसभा चुनाव में उखाड़ फेकेगी। केदार कश्यप ने कहा कि केन्द्र में लगातार तीसरी बार मोदी सरकार बनानी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। बस्तर लोकसभा से भाजपा के प्रत्याशी महेश कश्यप को विजयी बनाना है।

संसद में बस्तर की आवाज बनेंगे महेश कश्यप – रामविचार नेताम

प्रदेश सरकार के मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में बस्तर से महेश कश्यप को जिताकर तीसरी बार श्री मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है। छत्तीसगढ़ को मोदी की गारंटी पर भरोसा है। आज उनकी गारंटी पर छत्तीसगढ़ के 18 लाख लोगों के पीएम आवास का सपना पूरा होने जा रहा है। किसानों को धान खरीदी प्रति क्विटंल 3100 रूपये, दो साल का बकाया बोनस का भुगतान किया गया। उन्होंने कहा कि महेश कश्यप संसद में बस्तर की आवाज बनकर कार्य करेंगे।

सामान्य कार्यकर्ता को लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाना भाजपा में ही संभव है – महेश कश्यप

भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप ने कहा कि मेरे जैसे सामान्य कार्यकर्ता को लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाना भाजपा में ही संभव है। स्व. अटलबिहारी बाजपेयी के सपने को साकार करते हुए हम 138 साल पुरानी कांग्रेस से बस्तर को मुक्त बनाएंगे। स्व. बलीराम कश्यप के नेतृत्व में कांग्रेस के खिलाफ लड़ाई लड़ते रहे। आज कांग्रेस को लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी नहीं मिल पा रहे हैं। भूपेश बघेल को अपने क्षेत्र के बजाय दूसरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाया जा रहा है।

आमसभा में छत्तीसगढ़ भाजपा के सह प्रभारी नितिन नबीन,बस्तर कलस्टर प्रभारी एवं मुख्य प्रदेश प्रवक्ता अजय चंद्राकर, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी, चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक शिवरतन शर्मा, विधायक विक्रम उसेंडी, विनायक गोयल, चैतराम अट्टामी, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, सांसद कांकेर मोहन मण्डावी,पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, ओजस्वी मण्डावी, बस्तर लोकसभा प्रभारी महेश जैन,श्रीनिवास राव मद्दी, निरंजन सिन्हा,जी वेंकट, डा. सुभाऊ कश्यप, ओजस्वी मण्डावी, संतोष बाफना,जिलाध्यक्ष रूपसिंह मण्डावी, दीपेश अरोरा, रुपसाय सलाम, धनीराम बारसे, श्रीनिवास मुदलियार, शिवनारायण पाण्डेय,विद्याशरण तिवारी, योगेन्द्र पाण्डेय, संजय पाण्डेय, श्रीनिवास मिश्रा,श्रीधर ओझा,संतोष बघेल,रामाश्रय सिंह,वेदप्रकाश पाण्डेय, रजनीश पाणिग्रही,नरसिंह राव आदि सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित थे।

Dinesh KG
सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
error: Content is protected !!