“पड़ोसी के पटाखों पर दिवाली मनाने का सपना देखने वाली भूपेश सरकार किसानों से किया गया वादा पूरा करे” – भाजपा

जगदलपुर। प्रदेश के किसानों के धान खरीदी को लेकर भूपेश सरकार द्वारा की गई वादाखिलाफी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशव्यापी हल्लाबोल कार्यक्रम के अंतर्गत जगदलपुर में भी भारतीय जनता पार्टी नगर मण्डल के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना – प्रदर्शन स्थानीय संजय बजार परिसर में आयोजित किया गया।मुख्य वक्ता के रूप में अपने उद्बोधन में पूर्व सांसद दिनेश कश्यप ने भूपेश बघेल को छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा धोखेबाज मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने कहा कि सरकार बनाने के लिए कांग्रेस ने अपने चुनाव घोषणा पत्र के माध्यम से छत्तीसगढ़ की जनता को बहुत बड़ा धोखा दिया। अपने एक भी वादे पर अमल नही कर रही है सरकार। किसानों का ना ॠण माफ हुआ और ना ही उनका धान खरीदा जा रहा है। प्रति क्विंटल 2500 रू + बोनस का वादा खुद किया और वादा निभाने पैसे केन्द्र सरकार से मांग रहे हैं।

प्रदेश मंत्री किरण देव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की बुनियाद ही झूठ फरेब पर पड़ी है। 60 साल तक राज करने के बाद आज अगर कांग्रेस देश से गायब होती जा रही है उसका कारण उसकी नीति और नीयत में खोट होना है। छत्तीसगढ़ में भी प्रदेश सरकार पूरी तरह असफल साबित हो रही है। भूपेश सरकार को प्रदेशवासियों से किए गए वादों को अविलम्ब पूरा करना चाहिए।भाजपा जगदलपुर नगर अध्यक्ष राजेन्द्र बाजपेयी ने आज, जल जंगल जमीन की ताउम्र लड़ाई लड़ने वाले एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीर बिरसा मुंडा की जयंती पर उनका पुण्य स्मरण करने के पश्चात धरने में अपना सम्बोधन प्रारम्भ किया। भूपेश सरकार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में पड़ोसी के पटाखों से दिवाली मनाने का सपना देखने वाली सरकार है जो पटाखे नहीं मिलने पर पड़ोसी से ही पटाखे के पैसे मांगने का हठ कर रही है। वैसे भी प्रदेश के किसानों को धोखा देना कांग्रेस सरकार के लिए बहुत मामूली बात है क्योंकि जो पार्टी देश के सब से बड़े किसान नेता रहे लौह पुरुष सरदार पटेल को धोखा दे सकती है वो किसी को भी धोखा दे सकती है। इस सरकार ने तो किसानों के साथ साथ बुजुर्गों, युवाओं, दिव्यांगों और महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं को भी नहीं छोड़ा, सब को धोखा दिया है। भूपेश सरकार अपनी पार्टी के घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा करने से मुकर रही है।आज के इस धरने का संचालन मनोहर दत्त तिवारी ने एवं आभार योगेश ठाकुर ने किया। संबोधन की श्रृंखला के पश्चात विधान सभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा जारी घोषणापत्र की प्रतियों की होली जलाई गई। प्रदेश मे सरकार के वादे के अनुसार जल्द से जल्द किसानों का धान खरीदी शुरू कराने राज्यपाल के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया। प्रदर्शन के दौरान नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष संजय पाण्डेय, अश्विन सरडे, हरिकृष्ण चौरिया, आलोक अवस्थी, वेदांत दीक्षित, सुधीर शर्मा, संतोष त्रिपाठी, श्रीपाल जैन, लक्ष्मी कश्यप समेत सैकडों भाजपाई मौजूद रहे।

Dinesh KG
सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!