बस्तर में कांग्रेस पर जमकर बरसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कहा – बस्तर के नागरिक नगरनार प्लांट के असली मालिक 

नगरनार प्लांट से 50000 बस्तरियों को मिलेगा रोजगार, देश के संसाधनों पर पहला हक गरीब का

मोदी की गारंटी मतलब हर गारंटी के पूरा होने की गारंटी है

बस्तर के विकास के विरोधियों को बस्तर के नागरिको ने दिया मुंहतोड़ जवाब, कांग्रेस ने सिर्फ लूटने का काम किया

जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस्तर को 27 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देने के बाद विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नगरनार इस्पात संयंत्र के मालिक बस्तर के लोग हैं। देश के संसाधनों पर पहला हक गरीब का है। उन्होंने फिर कहा कि मोदी सरकार धान का दाना दाना खरीदती है। भाजपा की सरकार बनने के बाद राज्य में पीएससी के घोटालेबाज जेल जाएंगे। जगदलपुर की सभा में उमड़ी भीड़ ने कांग्रेस की साजिश का मुंहतोड़ जवाब दिया तो प्रधानमंत्री मोदी कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ लूटने का काम किया है। छत्तीसगढ़ में चारों तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है। छत्तीसगढ़ में अपराध बढ़े हैं। हत्याओं के मामले में छत्तीसगढ़ और राजस्थान के बीच प्रतिस्पर्धा चल रही है। छत्तीसगढ़ में विकास बैनर पोस्टर में दिखता है या फिर कांग्रेस के नेताओं की तिजोरी में दिखता है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को अगर कुछ दिया है तो वह है झूठा प्रचार और घोटाले। कांग्रेस की सरकार झूठे प्रचार की आड़ में यहां लोगों की आंख में धूल झोंक रही है। अखंड भ्रष्टाचार करते हैं। इसलिए आज छत्तीसगढ़ के कोने-कोने से एक ही आवाज आ रही है कि अउ नई साहिबो, बदल के रहिबो।

बस्तर तब भी था, जब श्रीराम आये थे

प्रधानमंत्री के कहा कि यह बस्तर, यह दंडकारण्य आज बना हो, ऐसा नहीं है। यहां मेरे आदिवासी भाई बहन मेरे प्रधानमंत्री बनने के बाद नहीं बसे हैं। यहां यह तब भी थे, जब प्रभु राम यहां आए थे। अटल जी की सरकार ने अलग छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया। भाजपा सरकार ही थी जिसने जनजाति विकास के लिए काम किया। अलग से मंत्रालय बनाया। कांग्रेस ने दशकों तक क्या किया? कांग्रेस ने बस्तर को नजरअंदाज किया। आपकी परवाह ही नहीं की। दो-चार ठेकेदारों को अपना समझते थे। बाकी किसी की परवाह नहीं की। भाजपा सरकार ने यहां मेडिकल कॉलेज बनाया। भाजपा सरकार ने दंतेवाड़ा में एजुकेशन सिटी बनाई मैं भी उसको देखने गया था। मैंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा आदिवासी क्षेत्रों में गुजारा है। मेरा तो आपसे सीधा नाता है। दिल का नाता है।

प्लांट के मालिक बस्तर के लोग

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मोदी की गारंटी है कि बस्तर का यह स्टील प्लांट आपका है। इसके मालिक मेरे बस्तर के लोग हैं। मेरे छत्तीसगढ़ के लोग हैं। मोदी इसका मालिक नहीं है और न ही कोई कांग्रेसी को इसका मालिक बनने देने वाला हूं। इस प्लांट के मालिक सिर्फ बस्तर के मेरे भाई बहन हैं। कोई आपका हक नहीं छीन सकता। कांग्रेस के नेताओं को किसी हाल में कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। भ्रष्टाचार बेईमानी करप्शन करने का कोई मौका नहीं दिया जाएगा।

बस्तर को 27 हजार करोड़ की सौगात, कांग्रेस को अच्छा नहीं लग रहा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज यहां 27000 करोड़ के प्रोजेक्ट बस्तर को मिले हैं। आज यहां देश के आधुनिकतम स्टील कारखाने का लोकार्पण हुआ है। इतना बड़ा स्टील कारखाना आपको मिला है। आपको गौरव हो रहा है। यह गौरव छत्तीसगढ़ के कांग्रेस वालों को नहीं हो रहा है। इतना बड़ा कार्यक्रम सरकार का था। छत्तीसगढ़ सरकार का एक मंत्री भी नहीं आया। मुख्यमंत्री नहीं आए। उपमुख्यमंत्री नहीं आए।भलाई के कार्य में राज्य सरकार को आना चाहिए कि नहीं? यह अगर आपका भला चाहते तो यहां आकर बैठना चाहिए कि नहीं? ये जनता की भलाई के काम में नहीं आते हैं तो इसके दो कारण हैं। इन्हें उनकी सरकार जाने की इतनी चिंता है कि उनके पास यहां आने के लिए समय ही नहीं है। सरकार बचाने में लगे हैं। और, दूसरा कारण है कि मोदी है। अगर मोदी के सामने जाना है तो कोई भ्रष्टाचारी मोदी से आंख नहीं मिला सकता। इसलिए वह आने से डरते हैं। भाग जाते हैं। यह स्टील का कारखाना हमारे बलीराम कश्यप का सपना था, जो साकार हुआ है। बलीराम जी उस जमाने में कहा करते थे। आप दशकों से इसका इंतजार कर रहे थे। दिल्ली में मीटिंग में रमन सिंह स्टील कारखाने के लिए आवाज उठाते थे। आपकी आवाज वहां पहुंचाते थे। लेकिन आप जानते हैं कि कांग्रेस ने यह मांग क्यों नहीं मानी। इसके पीछे कांग्रेस के कमीशन और करप्शन की नीति रही है। कच्चा माल बेचो और उस से बना माल महंगे से महंगे में लेकर आया करो। क्या ऐसा कोई करता है? आप चावल खाते हो तो ऐसा कोई करता है क्या कि पहले विदेश को धान भेजो, वह विदेश में पकाया जाता है और पका पकाया चावल खाने के लिए आता है, ऐसा कभी होता है क्या? आप अपना धान उगाते हैं, उसे साफ भी यहीं करते हैं और खाते भी यहीं हैं। दुनिया का उत्तम से उत्तम आयरन ओर हमारे बस्तर में है। लेकिन यह क्या करते थे? उठाओ और विदेश भेज दो और बीच में मलाई खाओ। कांग्रेस ने यहां से कच्चा माल निकाला और उसे विदेश भेज दिया। कांग्रेस के नेताओं ने कमाया। यहां के नौजवानों को कुछ नहीं मिला। बस्तर के नौजवान मजदूरी करने के लिए दूसरे राज्यों में जाने के लिए मजबूर हुए। यह मोदी है। यह आपके बीच पला बढ़ा है। इसलिए आपका ही सोचता है। गरीब का हित कैसे हो, यही मोदी के दिमाग में रहता है। इसलिए हमने बस्तर में स्टील कारखाने का काम तेजी से पूरा किया। 24000 करोड़ कारखाने में लगाए। 50 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। ज्यादा लोगों को काम मिले, इसके लिए और निवेश होने वाला है। पूरे बस्तर की किस्मत और तेजी से बदलने वाली है।

कांग्रेस छत्तीसगढ़ को लूट रही है

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ राजस्थान को लूट का सबसे बड़ा खजाना बना दिया। कांग्रेस के हर छोटे बड़े नेता को 15 साल जो नहीं मिला, वह भी 5 साल में जमा कर लिया। 15 साल तक छत्तीसगढ़ को लूटने का मौका नहीं मिला तो वह कसर भी अभी निकलना शुरू कर दी। उन्होंने तो गौ माता के नाम पर भी घोटाला कर दिया। गोबर तक को नहीं छोड़ा। इन्होंने क्या-क्या नहीं किया। उनके भ्रष्टाचार के सबसे बड़े शिकार मेरे बस्तर के नौजवान हैं।

पीएससी के घोटालेबाज जाएंगे जेल

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को नौकरी का वादा किया था। नौकरी में ही घोटाला कर दिया। कांग्रेस नेताओं ने पीएससी भर्तियों में अपने बच्चों रिश्तेदारों को सेट कर दिया। चारों तरफ लूट मचाई। उनकी पार्टी तो राजनीति में भी अपने ही बच्चों को सेट करती है और नौकरियों में भी यही करती है। छत्तीसगढ़ के लाखों परिवारों, आदिवासी पिछड़े परिवार से कांग्रेस ने नौकरी छीन ली है। उनका रोजगार छीन लिया है।नौकरी लगी नहीं। जो पहले से सरकारी नौकरी में हैं उनको भी कांग्रेस ने परेशान किया है। सरेआम भ्रष्टाचार हो रहा है।

पहला हक गरीब का

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने एक अलग अलाप शुरू कर दिया है। कांग्रेस के नेता कहते हैं जितनी आबादी,उतना हक। मैं कहता हूं कि इस देश में सबसे बड़ी कोई आबादी है तो वह गरीब है। इसलिए मेरे लिए गरीब ही सबसे बड़ी आबादी है और गरीब का कल्याण ही मेरा मकसद है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी क्या सोच रहे होंगे? वह तो कहा करते थे कि देश के संसाधनों पर पहला हक अल्पसंख्यकों का है और उसमें भी पहले मुसलमान का है। अब कांग्रेस कह रही है कि आबादी तय करेगी कि पहला हक किसका होना चाहिए। क्या अब अल्पसंख्यकों का हक कांग्रेस खत्म करना चाहती है।

आउटसोर्सिंग से चल रही कांग्रेस

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को कांग्रेस के लोग नहीं चला रहे। कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता मुंह पर ताला लगा कर बैठे हैं। कुछ पूछने और बोलने की हिम्मत करते हैं। अब तो कांग्रेस को आउटसोर्स कर दिया गया है। कांग्रेस को ऐसे लोग चला रहे हैं, जो देश विरोधी ताकतों से मिले हुए हैं। कांग्रेस किसी भी कीमत पर देश के हिंदुओं को बांट कर भारत को तबाह कर देना चाहती है। कांग्रेस गरीबों को बांटना चाहती है। मोदी ने पिछले 9 साल में सभी योजनाएं गरीबों के लिए दी हैं।गरीबों में आत्मविश्वास पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि मेरे लिए तो देश का गरीब सबसे बड़ी जाति है। यही सबसे बड़ी बिरादरी है। अगर गरीब का भला हो गया तो देश का भला होगा। कांग्रेस ने एक दूसरे देश के साथ क्या गुप्त समझौता किया है, पूरा देश देख रहा है। समझौते के बाद कांग्रेस और ज्यादा भारत की बुराई करने में लगी हुई है। भारत की अच्छी बातों को बुरे तरीके से पेश करती है। ऐसा लगता है कि उनका भारत का प्रेम ही कम होता जा रहा है। आपको आगाह करता हूं ऐसी साजिश से सतर्क रहना चाहिए। इस देश के संसाधनों पर पहला हक भारत के गरीबों का है। गरीब चाहे कोई हो। चाहे दलित हो, पिछड़ा हो, आदिवासी हो, सामान्य वर्ग का हो। सबसे बड़ी जाति मेरे लिए गरीब है। हमें गरीबों का जीवन बदलना है। कांग्रेस इस देश के लोगों में भेदभाव बढ़ाना चाहती है। कांग्रेस ने देश को सिर्फ गरीबी दी है। लोगों को बांटने का काम किया। ताकि उसका वोट बैंक सुरक्षित रहे। आज भी यह यही कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में अलग-अलग वर्ग अपने हक के लिए आवाज उठा रहे हैं लेकिन उन्हें जेल में डाला जा रहा है। उनकी आवाज दबाने में लगे हैं।भाजपा सरकार सामाजिक न्याय के लिए समर्पित होगी। हमने महरा महारा समाज को आदिवासी वर्ग में शामिल किया है। 12 जनजाति की मात्रात्मक त्रुटि सुधार कर वर्षों से वंचित रहे लोगों को उनका हक दिया है। मोदी की गारंटी मतलब हर गारंटी के पूरा होने की गारंटी है।

पहली महिला आदिवासी को राष्ट्रपति बनाया

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुझे गर्व है कि देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनाने का गौरव भी भाजपा को मिला है। आप जानते हैं कांग्रेस की तुलना में भाजपा सरकार आदिवासी समाज के लिए 5 गुना ज्यादा बजट देती है। वे 100 रुपये देते थे तो हम 500 रुपये देते हैं। भाजपा सरकार ने ही 15 नवंबर भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया। हमारी सरकार आदिवासी सेनानियों क्रांतिवीरों को समर्पित स्वतंत्रता सेनानी म्यूजियम बना रही है। हमने जनजाति वर्ग के छात्रों की छात्रवृत्ति ढाई गुना कर दी। 300 से अधिक एकलव्य आवासीय विद्यालय बने हैं, मेरे जनजाति बच्चों के लिए। भाजपा सरकार देश में आकांक्षी जिला कार्यक्रम चल रही है। बस्तर संभाग में अनेक जिले इन आकांक्षी जिलों में शामिल हैं। अब तो हम उससे भी आगे बढ़ करके जिले से लेकर आकांक्षी ब्लॉक की पहचान कर रहे हैं। अभियान के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े बड़े-बड़े प्रोजेक्ट यहां शुरू होने वाले हैं। इसके अलावा भी हम छत्तीसगढ़ में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास कर रहे हैं।

कांग्रेस को छत्तीसगढ़ के लोगों की परवाह नहीं

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस को छत्तीसगढ़ के लोगों की परवाह नहीं है। उनकी प्राथमिकता सिर्फ और सिर्फ छत्तीसगढ़ की संपदा को लूटना है। छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा को लूटने के लिए कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी। यहां से जो भी खनिज निकलता था, इसका लाभ कांग्रेस के राज में उन्हें ही मिला। उनकी प्राथमिकता छत्तीसगढ़ की इस खनिज संपदा को लूटना है। भाजपा ने आपको विकास का साझेदार बनाया। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने इसमें भी घोटाला कर दिया है।छत्तीसगढ़ को 8 लाख करोड़ दिए। जनता को कुछ नहीं मिला। हमारे जनजाति समाज का हिस्सा उन तक नहीं पहुंचा। कांग्रेस ने नमक से ठगा है। चिरौंजी जैसे बहुमूल्य पदार्थ इकट्ठा करते थे, बाजार पहुंचते थे वहां उन्हें 2- 4 किलो नमक दे दिया जाता था। भाजपा की सरकार ने राशन की दुकानों में मुफ्त नमक दिया। तब जाकर आदिवासी का शोषण खत्म हुआ। यह आदिवासी की वनोपज औने पौने दाम पर खरीदते थे। भाजपा 90 वनोपज को एमएसपी के दायरे में ला चुकी है। भाजपा सरकार ने वन धन केंद्र बनाकर वनवासियों को काम देने का रास्ता खोला। आदिवासी को रोजगार मिला है। कांग्रेस की सरकार ने तेंदूपत्ता संग्राहकों के साथ क्या किया? भाजपा ने तेंदूपत्ता के काम से जुड़े परिवारों के लिए कार्यक्रम बनाए थे। कांग्रेस में बंद कर दिए।आदिवासियों के साथ शोषण छत्तीसगढ़ में नहीं चलेगा। जैसे ही यहां भाजपा सरकार बनेगी, वैसे ही तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए पहले की तरह ही बेहतर व्यवस्था बनाई जाएगी।

दाना- दाना धान खरीदी करती है केंद्र सरकार

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के धान किसानों को दिल की बात बताना चाहता हूं। कांग्रेस आपको धान की कीमतों के नाम पर धोखा दे रही है। झूठ बोल रही है। सच्चाई यह है कि छत्तीसगढ़ के धान किसानों का दाना दाना केंद्र सरकार खरीदती है। मोदी सरकार खरीदती है। एक लाख करोड़ रुपए छत्तीसगढ़ के धान किसानों को दिए हैं। यहां पर जब भाजपा सरकार बनेगी, धान किसानों का पूरा-पूरा ध्यान रखने की गारंटी मोदी की है। आप मेरे शब्द लिख लीजिए। आपका सपना ही मोदी का संकल्प है।बस्तर से पूरे प्रदेश में आयुष्मान योजना के तहत वैलनेस केंद्र बने हैं। 6000 ऐसे अस्पताल बनाए जा चुके हैं। 1000 से अधिक आयुष्मान केंद्र बस्तर संभाग में हैं। 5 लाख रुपए तक का इलाज दिया। मुफ्त राशन की व्यवस्था की। बिजली पानी का प्रबंध किया। आदिवासी परिवारों के स्वरोजगार के लिए विशेष योजनाएं चला रहे हैं। जो पहली बार अपना वोट डालने जा रहे हैं वे नवजवान मेरी बात सुनें। आपको 2014 के पहले की सरकार के बारे में जानना जरूरी है। दिल्ली में जो सरकार थी, अखबारों में बड़े-बड़े घोटाले छाए रहते थे। पूरी दुनिया में हमारे देश का नाम पूरी तरह बदनाम था। 2014 में देश ने कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंका और पूर्ण बहुमत से भाजपा सरकार बनाई। घोटाले की बजाय दुनिया में भारत के गौरव की गाथा गाई जाती है। सार्वजनिक चर्चा होती है। आज दुनिया में हिंदुस्तान का डंका बज रहा है।

बदल देंगे लूट तंत्र

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा इस पूरे लूट तंत्र को बदल देगी। कांग्रेस ने लोकतंत्र को लूट तंत्र बनाया है। प्रजातंत्र को परिवार तंत्र बनाया है। भाजपा सरकार बनते ही पीएससी घोटाले की जांच होगी। कोई कितना भी ताकतवर हो, मोदी उसको जेल में डालकर रहेगा। नौजवान, हर सरकारी कर्मचारियों को पूरा न्याय मिलेगा।

33 फीसदी महिला आरक्षण

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम कानून बन चुका है। 33 फीसदी महिला आरक्षण लोकसभा विधानसभा में दिया है। उन्होंने कहा कि सुशासन लाना है। बस्तर को, छत्तीसगढ़ को संकल्प लेना है। विकास का डबल इंजन फिर लगेगा। फिर से छत्तीसगढ़ विकास करेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि विश्व की सबसे बड़े लोकतंत्र प्रधानमंत्री और विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता माननीय नरेंद्र मोदी जी का मां दंतेश्वरी की पावन धरा, बुढ़ादेव की धरती, दंडकारण्य की पवित्र भूमि में स्वागत है। हमारा बस्तर भोले भाले एवं शान्ति प्रिय लोगों का क्षेत्र है, आज इस क्षेत्र में अपने जननायक को पाकर पूरा बस्तर और छत्तीसगढ़ आनंदित है, प्रसन्न है। छत्तीसगढ़ को बस्तर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी इतना प्यार करते हैं इतना लगाव रखते हैं दुनिया के सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत योजना को शुरुआत करने के लिए इन्होंने बस्तर को चुना था। यह बस्तर के प्रति उनके प्रेम को दर्शाता है। एक आदिवासी समाज की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति के पद पर बिठाया यह आदिवासी समाज के प्रति उनके प्रेम को दर्शाता है। प्रदेश की अनुसूचित जनजाति की 12 जातियां वर्षों से लिपिकीय त्रुटि के कारण अपने अधिकारों से वंचित थे, लिपिकीय त्रुटियों को दूर करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने आदिवासी समाज के इन जातियों को उनका हक दिलाया है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने बस्तर और छत्तीसगढ़ को 26000 करोड़ रूपए की भी अधिक की सौगात दी है। छत्तीसगढ़ के लिए लगातार 3 लाख करोड रुपए से भी अधिक की राशि उन्होंने छत्तीसगढ़ के विकास के लिए दी है, किंतु कांग्रेस का विकास विरोधी चेहरा सामने आया है। आज हमेशा की तरह बस्तर और छत्तीसगढ़ को 26000 करोड रुपए से भी अधिक देने सौगात देने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी आए तब प्रदेश की कांग्रेस पार्टी ने बस्तर बंद का आह्वान करके अपना लोकतंत्र विरोधी चेहरा उजागर किया है। कांग्रेस के आह्वान को जनता ने नकारते हुए इतनी बड़ी संख्या में यहां पर आया यह बताता है कि छत्तीसगढ़ में परिवर्तन होने वाला है। आज से कांग्रेस की अन्यायी, अत्याचारी, भ्रष्टाचारी सरकार जाने वाली है। आज बस्तर से ही कांग्रेस साफ होने वाली है, कांग्रेस की सरकार जाने वाली है।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने और आभार प्रदर्शन भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी ने किया ।

इस दौरान मंच में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, बस्तर संभाग प्रभारी एवं सांसद संतोष पांडेय, किरण देव, मोहन मंडावी, पूर्व राज्य सभा सांसद रामविचार नेताम, पूर्व सांसद विक्रम उसेंडी, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, डा. सुभाऊ कश्यप,संतोष बाफना,श्रीनिवास राव मद्दी, बैदूराम कश्यप, लच्छू राम कश्यप, कमलचन्द भंजदेव, तेजस्वी मंडावी, शालिनी राजपूत, जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, चैतराम अटामी, रुपसाय सलाम, सतीष लाठिया, धनीराम बारसे, श्रीनिवास मुदलियार, दीपेश अरोरा, बस्तर प्रत्याशी मनीराम कश्यप, कांकेर प्रत्याशी आशाराम नेताम मौजूद रहे।

झलकियां

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने बस्तर नरेश प्रवीरचंद्र भंजदेव जी को श्रद्धा सुमन अर्पित किया
  • पूर्व बस्तर सांसद स्व.बलीराम कश्यप को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपना गुरु समान बताया
  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने बस्तर में बिताये अपने दिनों को याद किया
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की उनके साथ बस्तर नरेश कमलचंद भंजदेव भी साथ रहे।
  • कांग्रेस द्वारा बस्तर बंद के आह्वान के बावजूद भारी संख्या में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सुनने़ पहुंची।
  • परिवर्तन महासंकल्प रैली में आए बहुत से लोग अपने हाथों में “छत्तीसगढ़ का सपना मोदी का संकल्प” लिख तख्तियां लेकर बैठे थे।
  • भाजपा प्रत्याशी आशाराम नेताम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पारंपरिक आदिवासी जैकेट एवं मनीराम कश्यप ने गौर सींग पहनाकर स्वागत किया।
  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने परिवर्तन महासंकल्प रैली में आए लोगों से अपने मोबाइल फोन की लाइट ऑन करके समर्थन मांगा।
  • प्रधानमंत्री मोदी ने बस्तर में कहा मेरा प्रयास यही है आपके प्यार का कर्ज विकास करके चुकाऊ।
  • भाजपा सरकार ने अटल जी ने आपके विकास के लिए अलग जनजातीय विभाग बनाया, छत्तीसगढ़ प्रदेश बनाया।
  • आज इतना बड़ा कार्यक्रम हुआ छत्तीसगढ़ सरकार का कोई मंत्री, उपमुख्यमंत्री, मुख्यमंत्री तक नही आए।
  • अब बस्तर के लोगो को रोजगार के लिए बाहर नही जाना पड़ेगा बल्कि हिंदुस्तान के लोग बस्तर आयेंगे।
  • बस्तर के लोग नगरनार स्टील प्लांट के मालिक है, मैं किसी कांग्रेसी को इसका मालिक बनने नहीं दूंगा।
  • यह नरेन्द्र मोदी का प्यार है बस्तर में दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत की शुरूआत की।
  • आदिवासी समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद पर आसीन कर बढ़ाया आदिवासी समाज का सम्मान
  • बस्तर बंद कर कांग्रेस ने अपना लोकतंत्र विरोधी चेहरा उजाकर किया।
  • कांग्रेस के बस्तर बंद के बावजूद आमसभा में उमडे़ अपार जनसमूह को प्रधानमंत्री ने इसे कांग्रेस के मुंह पर जनता का तमाचा बताया,जो तमाम अवरोध के बाद भी प्रधानमंत्री के प्रति समर्थन व्यक्त करने आयी है।
Dinesh KG
सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
error: Content is protected !!