भाजपा प्रत्याशी ‘महेश गागड़ा’ की नामांकन रैली में शामिल हुए केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण व खेल मंत्री ‘अनुराग सिंह ठाकुर’, रैली में उमड़ा जनसैलाब, अनुराग सिंह ने कांग्रेस की सरकार को बताया भ्रष्ट और खाऊ सरकार

हजारों कार्यकर्ताओं के साथ रैली की शक्ल में पहुंचे नये बस स्टैंड से कलेक्ट्रेट

महेश गागड़ा ने कहा – भ्रष्टाचारी सरकार में बढ़े अपराध, कांग्रेस सरकार ने जनता को मात्र ठगने का काम किया

दिनेश के.जी., बीजापुर। बीजापुर विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी महेश गागड़ा ने आज हजारों कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण व खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर की मौजूदगी में महेश गागड़ा ने नामांकन दाखिल किया।

इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ने कांग्रेस की सरकार को भ्रष्ट और खाऊ सरकार बताया और जनता से अपील करते हुए कहा कि इस भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंक बीजापुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में भाजपा की सुशासन वाली सरकार लायें।

केन्द्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर की विशाल जनसभा का आयोजन दोपहर में शहर के नये बस स्टैंड में संपन्न हुआ। सभा के बाद करीब सुबह 11:40 बजे बीजापुर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी हजारों कार्यकर्ताओं के साथ बस स्टैंड से रैली निकाल कलेक्ट्रेट के लिये निकले। कार्यकर्ताओं, समर्थकों की नारेबाजी, बैड बाजे के साथ भाजपा प्रत्याशी जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए मैन रोड से होकर कलेक्ट्रेट में अपना नामांकन दाखिल किया।

नामांकन रैली में उमड़ा जनसैलाब

नामांकन जमा करने के बाद भाजपा प्रत्याशी महेश गागड़ा ने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में परिवर्तन की लहर है। बीजापुर की जनता ने कांग्रेस के कुशासन का जवाब देने का मन बना लिया है। बीजापुर सहित समूचे छत्तीसगढ़ में भाजपा विधानसभा चुनाव में विजयी होगी और प्रदेश में भाजपा की सरकार जनता के आशीर्वाद से बनने जा रही है।

Dinesh KG
सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
error: Content is protected !!